Bihar Police Recruitment: बिहार पुलिस में बड़े स्तर पर भर्ती होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने विशेष सहायक पुलिस (SAP) के 15,821 पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। इस भर्ती में पूर्व सैनिकों के साथ-साथ पहली बार केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों को भी शामिल होने का अवसर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया एक जून से शुरू होगी और इसके लिए दानापुर कैंट में प्रमंडलवार रैली आयोजित की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को संचालित करने की जिम्मेदारी दानापुर कैंट स्थित सेना रोजगार कल्याण संगठन को सौंपी गई है। रैली सुबह 6:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसमें अलग-अलग प्रमंडलों के उम्मीदवार तय तिथि पर शामिल हो सकेंगे।
बिहार का निवासी होना जरूरी
भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का बिहार का स्थायी निवासी होना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र साथ लेकर आना होगा। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि बहाली में राज्य सरकार के आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा।
इस भर्ती में शारीरिक परीक्षा नहीं होगी, लेकिन मेडिकल जांच अनिवार्य रखी गई है। साथ ही छोटे आधुनिक हथियारों और स्वचलित हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी जरूरी होगी।
इन उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता
भर्ती प्रक्रिया में उन अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें आपदा प्रबंधन, बम डिटेक्शन और डिस्पोजल, ड्राइविंग, तैराकी, गोताखोरी या मोटरबोट संचालन का अनुभव है। पुलिस विभाग का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षित जवान कानून-व्यवस्था और विशेष अभियानों में ज्यादा उपयोगी साबित होंगे।
दानापुर कैंट में होगी रैली
भर्ती रैली दानापुर कैंट में आयोजित होगी। पुलिस मुख्यालय ने प्रमंडलवार तिथियां भी जारी कर दी हैं।
रैली की तारीखें
- 1 जून – पूर्णिया, भागलपुर और दरभंगा प्रमंडल
- 2 जून – कोसी, मुंगेर और सारण प्रमंडल
- 3 जून – तिरहुत प्रमंडल
- 4 जून – मगध प्रमंडल
- 5 जून – पटना और नालंदा
- 6 जून – भोजपुर, भभुआ, रोहतास और बक्सर
इसके अलावा हर महीने के पहले सप्ताह में वॉक-इन इंटरव्यू भी आयोजित किए जाएंगे।
इतने पदों पर होगी नियुक्ति
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक कुल 15,821 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 148 पद जेसीओ, 15,135 पद सैप जवान और 538 पद रसोईया के लिए निर्धारित किए गए हैं।
चयनित उम्मीदवारों को मासिक मानदेय भी दिया जाएगा। जेसीओ को 35 हजार रुपये, सैप जवानों को 30 हजार रुपये और रसोइयों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके अलावा वर्दी, यात्रा और अन्य भत्ते भी बिहार पुलिस के जवानों के समान दिए जाएंगे।
एक साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति
चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में एक वर्ष के अनुबंध पर रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध अवधि आगे बढ़ाई जा सकेगी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार चयनित जवानों की प्रतिनियुक्ति परिवहन, उत्पाद और खनन विभाग में भी की जा सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि भर्ती के बाद जवानों को गृह जिले में पोस्टिंग नहीं दी जाएगी और जरूरत के अनुसार एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित किया जा सकेगा।
आरक्षण के अनुसार पदों का बंटवारा
- अनारक्षित वर्ग – 6417 पद
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग – 2936 पद
- अनुसूचित जाति – 2688 पद
- पिछड़ा वर्ग – 1525 पद
- पिछड़ा वर्ग महिला – 510 पद
- अनुसूचित जनजाति – 163 पद
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग – 1582 पद