RRB Group D Result Date Update: रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने रिजल्ट को लेकर नया नोटिस जारी किया है. ताजा अपडेट के मुताबिक रेलवे ग्रुप डी सीबीटी परीक्षा का परिणाम अब 23 जून 2026 के बाद जारी होने की संभावना है.
दरअसल, रेलवे ने अप्रेंटिस (CCAA) उम्मीदवारों को अपने जरूरी दस्तावेज और NCVT परीक्षा के अंकों की जानकारी अपडेट करने का मौका दिया है. इसके लिए 17 जून 2026 से 23 जून 2026 तक मॉडिफिकेशन विंडो खोली गई है. इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही रिजल्ट जारी किया जाएगा.
रेलवे की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि जिन उम्मीदवारों ने आवेदन के समय अपने NCVT अंक दर्ज नहीं किए थे और CBT परीक्षा में शामिल हुए थे, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. उम्मीदवारों को अपने प्रमाणपत्र की जानकारी और प्राप्त अंकों को आधिकारिक पोर्टल पर अपडेट करना होगा.
अप्रेंटिस उम्मीदवारों को मिलेगा वेटेज का लाभ
रेलवे नियमों के अनुसार, रेलवे प्रतिष्ठानों से अप्रेंटिस ट्रेनिंग पूरी करने वाले CCAA उम्मीदवारों को अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार करते समय NCVT परीक्षा के अंकों का वेटेज दिया जाता है. इसके अलावा ऐसे उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से भी छूट दी जाती है.
रेलवे ने साफ कहा है कि जो उम्मीदवार तय समय सीमा यानी 23 जून 2026 तक अपनी जानकारी अपडेट नहीं करेंगे, उन्हें अप्रेंटिस उम्मीदवारों को मिलने वाले विशेष लाभ नहीं दिए जाएंगे.
RRB Group D Result कब आएगा?
रेलवे की तरफ से पहले ही कहा गया था कि ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जून महीने में जारी किया जाएगा. लेकिन अब अप्रेंटिस उम्मीदवारों की जानकारी अपडेट होने के बाद ही परिणाम जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
माना जा रहा है कि 23 जून के बाद रेलवे सभी रिकॉर्ड की जांच करेगा और इसके बाद जोनवार रिजल्ट जारी किया जा सकता है.
1 करोड़ से ज्यादा उम्मीदवारों ने दी परीक्षा
रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 2024 के तहत 32,438 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में करीब 1 करोड़ 8 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे.
परीक्षा पूरी होने के बाद आंसर-की जारी की गई थी और आपत्तियां भी मांगी गई थीं. अब उम्मीदवारों को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है.
कैसे चेक कर पाएंगे RRB Group D Result
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स से अपना परिणाम देख सकेंगे:
- 1. अपने क्षेत्र की RRB वेबसाइट पर जाएं.
- 2. होम पेज पर RRB Group D Result लिंक पर क्लिक करें.
- 3. रिजल्ट की PDF खुलेगी.
- 4. PDF में Ctrl + F दबाकर अपना रोल नंबर सर्च करें.
- 5. रिजल्ट डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें.
रेलवे ग्रुप डी भर्ती में आगे क्या होगा?
CBT परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा. सामान्य उम्मीदवारों के लिए PET यानी फिजिकल टेस्ट जरूरी होगा, जबकि CCAA अप्रेंटिस उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार इससे छूट मिलेगी.