Railway ALP Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सहायक लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। भर्ती प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी होते ही देशभर के अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। बिहार समेत कई देश के राज्यों के उम्मीदवार इस भर्ती का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जो अब खत्म हो गया। बोर्ड की ओर से जारी किए गए सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानि 15 मई 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 14 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
रेलवे की इस भर्ती को बिहार के अभ्यर्थियों के लिए बड़े अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य में अधिक संख्या में छात्र रेलवे परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में 11 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती निकलने के बाद प्रतियोगी छात्रों के बीच खुशी का माहौल है। क्योंकि पटना रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की जाएंगी। यही वजह है कि बिहार के युवाओं में इस भर्ती को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।
इस भर्ती में कौन कर सकता है आवेदन?
रेलवे बोर्ड ने ALP पदों के लिए तकनीकी योग्यता तय की है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट होना जरूरी है। इसके अलावा इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। दरअसल रेलवे की यह भर्ती खास तौर पर तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए सुनहरा अवसर मानी जा रही है।
क्या है आयु सीमा और आरक्षण नियम?
इस भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए सबसे कम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।
इस पद के लिए कितनी मिलेगी सैलरी?
अगर आप सहायक लोको पायलट पद पर चयनित होते हैं तो आपको लेवल-2 वेतनमान के तहत नौकरी दी जाएगी। जिसके लिए शुरुआती बेसिक सैलरी 19,900 रुपये तय की गई है। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य भत्ते जैसे DA, HRA और यात्रा सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने चयन प्रक्रिया को कई चरणों में विभाजित किया है। जिसमें सबसे पहले CBT-1 परीक्षा आयोजित होगी। इसमें गणित, सामान्य विज्ञान, रीजनिंग और सामान्य ज्ञान से जुड़े कुल 75 प्रश्न पूछे जाएंगे। जिसमें सभी प्रश्न अनिवार्य रहेंगे। परीक्षा के लिए अभ्यर्थों को कुल 60 मिनट का समय मिलेगा। हर गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काट लिए जाएंगे, यानी नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। इसके बाद CBT-2, इसमें कंप्यूटर आधारित अभिरुचि परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।
कैसे बनेगी फाइनल मेरिट लिस्ट
फाइनल मेरिट लिस्ट CBT-2 और अभिरुचि परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों को रेलवे में नियुक्ति मिलेगी।