धर्म

Premanand Maharaj Health Update: प्रेमानंद महाराज के दर्शन अनिश्चितकाल के लिए बंद… मायूस हुए भक्त, जानिए वजह!

Premanand Maharaj Health Update: प्रेमानंद महाराज के दर्शन अनिश्चितकाल के लिए बंद… मायूस हुए भक्त, जानिए वजह!

Premanand Maharaj Health Update: अगर आप भी वृंदावन जाने का प्लान बना रहे हैं और वहां जाकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। वृंदावन की गलियां बुधवार सुबह भी हर दिन की तरह राधे-राधे की गूंज से भरी हुई थीं। मंदिरों में घंटियां बज रही थीं, भजन चल रहे थे और देशभर से आए श्रद्धालु प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने के लिए आश्रम के बाहर लाइन लगाए खड़े थे। लेकिन इसी बीच एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने हजारों भक्तों को भावुक कर दिया।

आश्रम की ओर से जानकारी दी गई कि प्रेमानंद महाराज के दर्शन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। ना अब पदयात्रा होगी और ना ही भक्तों से आमने-सामने मुलाकात। यह खबर फैलते ही आश्रम के बाहर मौजूद कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। दूर-दूर से आए लोग बस यही पूछते नजर आए कि आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ।

आश्रम प्रबंधन के मुताबिक, यह फैसला प्रेमानंद महाराज की लगातार बिगड़ती तबीयत को देखते हुए लिया गया है। बताया गया कि वे लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। पिछले कुछ हफ्तों में उनकी सेहत में काफी गिरावट आई है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।

हर दिन हजारों भक्तों से मिलना, लंबे समय तक सत्संग करना और पदयात्रा में शामिल होना अब उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा था। इसी वजह से फिलहाल सभी सार्वजनिक दर्शन और मुलाकातों को रोक दिया गया है।

इस बीच प्रेमानंद महाराज का एक भावुक संदेश भी सामने आया। उन्होंने भक्तों से कहा कि शरीर को अब आराम की जरूरत है, लेकिन उनका प्यार और आशीर्वाद हमेशा सभी भक्तों के साथ रहेगा। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और कहा कि सच्ची भक्ति दूरी से कम नहीं होती।

उनका यह संदेश सुनकर कई भक्त भावुक हो गए। बिहार से आए एक श्रद्धालु ने कहा कि वह दो दिन से सिर्फ महाराज जी के दर्शन के इंतजार में थे, लेकिन अब समझ आ रहा है कि उनकी सेहत सबसे जरूरी है। वहीं दिल्ली से परिवार के साथ आई एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि दर्शन भले बंद हो जाएं, लेकिन गुरुजी का आशीर्वाद हमेशा साथ रहेगा।

प्रेमानंद महाराज पिछले कई वर्षों से लाखों लोगों के बीच भक्ति, संयम और आध्यात्म का संदेश देते आ रहे हैं। उनकी सादगी और राधा-कृष्ण के प्रति समर्पण ने देशभर में बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित किया है। उनके त्संग और प्रवचन सोशल मीडिया और यूट्यूब पर करोड़ों लोग सुनते हैं। युवा हों या बुजुर्ग, हर वर्ग के लोग उनकी बातों से जुड़ाव महसूस करते हैं।

यही वजह है कि जैसे ही उनके दर्शन बंद होने की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर भी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने लगे। कई भक्तों ने ऑनलाइन प्रार्थना और भजन का आयोजन भी शुरू कर दिया है।

आश्रम प्रबंधन ने कहा है कि भक्त सिर्फ आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे जहां भी हों, प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।

फिलहाल यह साफ नहीं किया गया है कि दर्शन दोबारा कब शुरू होंगे। आश्रम का कहना है कि जैसे ही उनकी तबीयत में सुधार होगा, इसकी जानकारी भक्तों को दे दी जाएगी। तब तक ऑनलाइन सत्संग और पुराने प्रवचन ही भक्तों का सहारा रहेंगे।

स्रोत: Pehli Nazar News Network