देश

आखिर क्या है कॉकरोच जनता पार्टी? नाम सुनते ही सोशल मीडिया पर मची हलचल, जानिए क्यों हो रही हर तरफ चर्चा

आखिर क्या है कॉकरोच जनता पार्टी? नाम सुनते ही सोशल मीडिया पर मची हलचल, जानिए क्यों हो रही हर तरफ चर्चा

Cockroach Janta Party: देश की राजनीति में आए दिन नए दल बनते हैं, बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं और फिर कुछ समय बाद वही मुद्दे पुराने पड़ जाते हैं। लेकिन इस बार जो नाम सामने आया है, उसने लोगों को चौंकाने के साथ-साथ हंसने और सोचने पर भी मजबूर कर दिया है। नाम है… कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP

पहली बार जब लोगों ने यह नाम सुना तो कई लोगों को लगा कि यह कोई मजाक है। लेकिन धीरे-धीरे सोशल media पर इसके पोस्टर, स्लोगन और घोषणापत्र वायरल होने लगे, जिसके बाद यह चर्चा का बड़ा विषय बन गया। खास बात यह है कि यह कोई पारंपरिक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि राजनीति और व्यवस्था पर व्यंग्य करने के लिए शुरू किया गया एक अभियान है।

इस पहल को राजनीतिक संचार रणनीतिकार अभिजीत डिपके ने शुरू किया है। उनका कहना है कि आज की राजनीति में जिस तरह बयानबाजी, आरोप-प्रत्यारोप, दल-बदल और सोशल मीडिया की लड़ाई चल रही है, उसी माहौल को व्यंग्य के जरिए दिखाने की कोशिश की गई है।

दरअसल, इस पार्टी की चर्चा उस वक्त ज्यादा बढ़ी जब भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। बताया गया कि उन्होंने फर्जी डिग्री लेकर पेशे में आने वालों की तुलना कॉकरोच और परजीवियों से की थी। इसी बयान के बाद सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम तेजी से ट्रेंड करने लगा और देखते ही देखते यह एक अलग तरह की राजनीतिक बहस बन गई।

लोगों को सबसे ज्यादा हैरानी इसके नाम से नहीं, बल्कि इसके अंदाज से हो रही है। पार्टी ने एक मजाकिया लेकिन तीखा घोषणापत्र भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि पार्टी में वही लोग शामिल हो सकते हैं जो बेरोजगार, आलसी और प्रोफेशनल तरीके से शिकायत करने वाले हों।

हालांकि यह बातें सुनने में मजाक लगती हैं, लेकिन इसके पीछे आज की राजनीति और सोशल मीडिया कल्चर पर बड़ा तंज छिपा हुआ है। कई लोग इसे नेताओं की बयानबाजी और जनता को बहलाने वाली राजनीति पर सीधा कटाक्ष मान रहे हैं।

इस घोषणापत्र में सबसे ज्यादा चर्चा उस लाइन की हो रही है जिसमें दल बदलने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की बात कही गई है। यह मुद्दा लंबे समय से देश की राजनीति में चर्चा का विषय रहा है। चुनाव के समय एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाने वाले नेताओं को लेकर जनता के बीच नाराजगी भी अक्सर देखने को मिलती है। ऐसे में इस व्यंग्यात्मक पार्टी ने उसी मुद्दे को मजाकिया अंदाज में उठाकर लोगों का ध्यान खींच लिया।

सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के पोस्टर और मीम्स तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ लोग इसे राजनीति पर सबसे क्रिएटिव व्यंग्य बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे लोकतंत्र का मजाक कह रहे हैं। लेकिन एक बात साफ है कि इसने लोगों का ध्यान अपनी तरफ जरूर खींचा है।

युवाओं के बीच यह चर्चा और भी ज्यादा हो रही है। कई यूजर्स का कहना है कि अब राजनीति में लोगों का भरोसा कम होता जा रहा है और ऐसे व्यंग्य उसी नाराजगी को सामने लाते हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि आज के दौर में मीम्स और व्यंग्य ही जनता की असली भाषा बन चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भले ही यह कोई असली चुनावी पार्टी नहीं है, लेकिन इसने राजनीति के कई गंभीर मुद्दों को हल्के अंदाज में लोगों के सामने रख दिया है। यही वजह है कि लोग इसे सिर्फ मजाक के तौर पर नहीं देख रहे, बल्कि इसके पीछे छिपे संदेश को भी समझने की कोशिश कर रहे हैं।

आज सोशल मीडिया का दौर है। यहां कोई भी चीज कुछ ही घंटों में वायरल हो जाती है। लेकिन हर वायरल चीज लंबे समय तक चर्चा में नहीं रहती। कॉकरोच जनता पार्टी की खास बात यह है कि यह सिर्फ नाम की वजह से नहीं, बल्कि अपने तंज और संदेश की वजह से चर्चा में है।

कई लोगों का मानना है कि यह मौजूदा राजनीति के उस चेहरे को दिखाता है, जिससे आम लोग परेशान भी हैं और निराश भी। वहीं कुछ लोग इसे जनता के गुस्से का नया तरीका बता रहे हैं।

हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यह पहल आगे किसी बड़े अभियान का रूप लेगी या सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रहेगी। लेकिन इतना जरूर है कि इसने राजनीति, नेताओं और व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

स्रोत: Pehli Nazar News Network