Instagram Hacked By Meta AI: इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए बड़ी चेतावनी सामने आई है. Meta के AI सपोर्ट सिस्टम में मिली एक गंभीर खामी का फायदा उठाकर हैकर्स ने कई हाई-प्रोफाइल अकाउंट्स पर कब्जा कर लिया. मामला सामने आने के बाद Meta ने इस सुरक्षा खामी को ठीक करने का दावा किया है और प्रभावित अकाउंट्स को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
Meta ने हाल के महीनों में Instagram, Facebook और WhatsApp समेत अपने सभी प्लेटफॉर्म्स में Meta AI को जोड़कर कई सुविधाएं शुरू की थीं. लेकिन अब यही AI सिस्टम हैकर्स के निशाने पर आ गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने Meta के AI सपोर्ट चैटबॉट को भ्रमित कर कई चर्चित Instagram अकाउंट्स तक पहुंच हासिल कर ली. प्रभावित अकाउंट्स में अमेरिका के पूर्व व्हाइट हाउस का इंस्टाग्राम हैंडल और अमेरिकी स्पेस फोर्स से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी का अकाउंट भी शामिल बताया गया है.
मामला तब सामने आया जब कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपने अकाउंट हैक होने की शिकायतें दर्ज कराईं. साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने जांच के दौरान पाया कि हमलावरों ने किसी वायरस या फिशिंग लिंक का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि Meta के AI सपोर्ट सिस्टम की कमजोरी का फायदा उठाया.
जानकारी के अनुसार, हैकर्स सबसे पहले VPN की मदद से अपनी लोकेशन को पीड़ित यूजर के इलाके जैसा दिखाते थे. इसके बाद वे Instagram के Forgot Password विकल्प तक पहुंचते और Meta AI सपोर्ट असिस्टेंट से बातचीत शुरू करते. बातचीत के दौरान AI चैटबॉट को इस तरह के निर्देश दिए जाते कि वह टारगेट अकाउंट में एक नया ईमेल एड्रेस जोड़ दे. जैसे ही नया ईमेल जुड़ता, वेरिफिकेशन कोड हैकर्स के पास पहुंच जाता और वे पासवर्ड रीसेट कर अकाउंट पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लेते थे.
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना AI आधारित सपोर्ट सिस्टम पर बढ़ती निर्भरता से जुड़े जोखिमों को उजागर करती है. कई विशेषज्ञों ने सवाल उठाया है कि संवेदनशील अकाउंट रिकवरी जैसे कार्यों में AI को पर्याप्त सुरक्षा जांच के बिना इस्तेमाल करना कितना सुरक्षित है.
Meta के प्रवक्ता ने बताया है कि इस सुरक्षा खामी को अब बंद कर दिया गया है और प्रभावित अकाउंट्स को सुरक्षित किया जा रहा है. हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस घटना से कुल कितने अकाउंट प्रभावित हुए.
जानकारों की सलाह है कि Instagram यूजर्स अपने अकाउंट में Two-Factor Authentication (2FA) सक्रिय रखें, मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत अकाउंट की सुरक्षा सेटिंग्स की जांच करें. इससे भविष्य में ऐसे हमलों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है.