Nepal New Rule: भारत-नेपाल सीमा से जुड़े लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. नेपाल सरकार ने भंसार (सीमा शुल्क) नियम में बड़ा बदलाव करते हुए बिना शुल्क सामान ले जाने की सीमा बढ़ा दी है. अब सीमा पार करने वाले लोग 500 नेपाली रुपये तक की निजी उपयोग की वस्तुएं बिना किसी भंसार शुल्क के नेपाल ले जा सकेंगे. सरकार के इस फैसले से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों, छोटे व्यापारियों, मजदूरों, किसानों और छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
दरअसल, नेपाल सरकार ने पहले बिना भंसार शुल्क सामान ले जाने की सीमा 100 नेपाली रुपये तय कर दी थी. इस फैसले के बाद सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई थी. लोगों का कहना था कि इतनी कम सीमा होने के कारण रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदना भी मुश्किल हो गया था. कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और मामला नेपाल की संसद तक पहुंच गया. लगातार बढ़ते विरोध के बाद सरकार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना पड़ा और अब सीमा बढ़ाकर 500 नेपाली रुपये कर दी गई है.
नेपाल के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नई व्यवस्था लागू हो चुकी है. अब भारत से नेपाल जाने वाले यात्री 500 नेपाली रुपये तक की निजी उपयोग की वस्तुएं बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ले जा सकेंगे. इससे सीमा पर छोटी खरीदारी को लेकर होने वाली परेशानियां काफी हद तक कम हो जाएंगी.
सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों का जीवन दोनों देशों के बाजारों से जुड़ा होता है. रोजाना हजारों लोग जरूरत का सामान खरीदने के लिए सीमा पार करते हैं. ऐसे में नई व्यवस्था से उनकी आवाजाही आसान होगी. साथ ही सीमा पर होने वाली जांच और शुल्क को लेकर होने वाले विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है.
व्यापारियों का मानना है कि इस फैसले से सीमा से जुड़े बाजारों में कारोबार बढ़ेगा. छोटी-छोटी खरीदारी करने वाले लोगों को राहत मिलेगी और स्थानीय व्यापार को भी फायदा होगा. इसके अलावा दोनों देशों के बीच सामाजिक और आर्थिक संबंध भी मजबूत होंगे.
नेपाल सरकार ने छात्रों को पहले से मिल रही सुविधा भी जारी रखी है. भारत में पढ़ाई करने वाले नेपाली छात्र अपने उपयोग के लिए लैपटॉप और टैबलेट बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के नेपाल ले जा सकेंगे. इससे छात्रों को काफी सहूलियत मिलेगी.
Read More: BPSC 70वीं का इंतजार खत्म! इस महिने आएगा फाइनल रिजल्ट, 2035 पदों पर होगी बहाली
नेपाल मायागंज छोटी भंसार सेवा के अधिकारियों ने भी नई व्यवस्था की पुष्टि की है. अधिकारियों के अनुसार, अब 100 नेपाली रुपये की जगह 500 नेपाली रुपये तक के सामान पर भंसार शुल्क से छूट मिलेगी. सीमा पर तैनात अधिकारी नियमों के तहत लोगों को यह सुविधा उपलब्ध कराएंगे.
हालांकि इस फैसले के बाद भी कई लोगों का कहना है कि राहत अभी अधूरी है. सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि 500 नेपाली रुपये भारतीय मुद्रा में करीब 312 रुपये के बराबर होते हैं, जो वर्तमान समय में काफी कम राशि है. उनका कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों और छोटे व्यापार को देखते हुए यह सीमा और बढ़ाई जानी चाहिए.