देश

Twisha Sharma Case: एक थी ट्विशा… 5 महीने की शादी, रसूखदार परिवार और फिर एक रहस्यमयी मौत… आखिर उस रात हुआ क्या था?

Twisha Sharma Case: एक थी ट्विशा… 5 महीने की शादी, रसूखदार परिवार और फिर एक रहस्यमयी मौत… आखिर उस रात हुआ क्या था?

Twisha Sharma Case: नोएडा की रहने वाली ट्विशा… चेहरे पर मुस्कान, आंखों में सपने और जिंदगी को लेकर ढेरों उम्मीदें। लेकिन आज वही ट्विशा भोपाल के एक सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में पड़ी है। कई दिन बीत चुके हैं, मगर उसके परिवार के पास अब भी सिर्फ एक सवाल है आखिर उनकी बेटी के साथ उस रात क्या हुआ था?

बाहर से परफेक्ट परिवार… अंदर कई सवाल

ट्विशा की शादी एक बड़े घराने में हुई थी। सास पूर्व जज रह चुकी हैं, पति पेशे से क्रिमिनल वकील है और परिवार का एक सदस्य भारतीय सेना में मेजर बताया जाता है। बाहर से सब कुछ बेहद प्रतिष्ठित और व्यवस्थित दिखाई देता था, लेकिन अब उसी घर के भीतर की कहानी सवालों के घेरे में है।

शादी को अभी सिर्फ पांच महीने हुए थे और परिवार का दावा है कि इन कुछ महीनों में ही ट्विशा पूरी तरह बदल गई थी।

“मम्मी… मैं बहुत परेशान हूं”

परिजनों के मुताबिक ट्विशा अक्सर अपनी मां को फोन करती थी। कई बार वह रोते हुए बताती थी कि उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

12 मई की रात को भी उसने अपनी मां को फोन किया। परिवार का कहना है कि उसकी आवाज कांप रही थी। उसने सिर्फ इतना कहा

“मम्मी… अब बस हो गया… मैं नहीं सह सकती…”

इसके कुछ देर बाद फोन कट गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी।

CCTV फुटेज ने बढ़ाई उलझन

इस केस में सबसे ज्यादा चर्चा दो CCTV फुटेज को लेकर हो रही है। पहले फुटेज में ट्विशा रात करीब 10 बजे सीढ़ियों से ऊपर जाती दिखाई देती है। उसके हाथ में रस्सी जैसी कोई चीज नजर आती है।

यहीं से सवाल उठने लगे — क्या वह खुद ऊपर गई थी या किसी दबाव में?

कुछ देर बाद सामने आए दूसरे फुटेज में उसका पति समर्थ उसे CPR देने की कोशिश करता दिखाई देता है। इसी दौरान उसकी सास ऊपर आती हैं, लेकिन फुटेज में वह सीधे एक दूसरे कमरे में चली जाती हैं और फिर नीचे लौट जाती हैं।

इसी व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया और परिवार दोनों सवाल उठा रहे हैं।

ससुराल पक्ष का दावा

ससुराल वालों का कहना है कि ट्विशा अक्सर छत पर फोन पर बात करने जाती थी। उनके मुताबिक, जब वे ऊपर पहुंचे तो वह एक्सरसाइज बेल्ट से लटकी हुई मिली।

परिवार का दावा है कि उसे तुरंत नीचे उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया।

लेकिन सवाल अब भी कायम है कि अगर सब कुछ अचानक हुआ, तो घटनाक्रम में इतना समय कैसे बीता?

मायके वालों का आरोप — “ये आत्महत्या नहीं”

ट्विशा के परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ट्विशा मानसिक दबाव में थी।

परिवार का दावा है कि घटना वाली रात उसने घर लौटने की इच्छा भी जताई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाए संदेह

मामले को और गंभीर तब माना जाने लगा जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई।

परिवार सवाल उठा रहा है कि अगर यह आत्महत्या थी, तो शरीर पर चोटें कैसे आईं?

हालांकि ससुराल पक्ष इन चोटों की अलग वजह बता रहा है। फिलहाल सच पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है।

बेल्ट और फॉरेंसिक जांच पर भी सवाल

जिस बेल्ट से फंदा लगाने की बात कही जा रही है, उसे लेकर भी विवाद है।

परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उसे समय पर फॉरेंसिक जांच के लिए नहीं भेजा। वहीं पुलिस का कहना है कि बेल्ट जब्त कर ली गई थी और जांच प्रक्रिया जारी है।

चैट्स और कॉल रिकॉर्ड बने अहम हिस्सा

ट्विशा की कुछ निजी चैट्स भी सामने आई हैं। एक चैट में उसने अपनी दोस्त से लिखा था—

“मैं फंस चुकी हूं… बहुत दबाव है…”

अब ये चैट्स जांच का अहम हिस्सा बन चुकी हैं।

केस में ड्रग्स एंगल की एंट्री

मामले में नया मोड़ तब आया जब सास की जमानत याचिका में दावा किया गया कि ट्विशा ड्रग्स लेती थी और उसका व्यवहार सामान्य नहीं था।

इसके बाद मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि मौत के बाद उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

पति फरार, सिस्टम पर उठ रहे सवाल

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि पति समर्थ सिंह अब तक फरार बताया जा रहा है, जबकि सास को जमानत मिल चुकी है।

आखिर सच क्या है?

इस केस में CCTV फुटेज हैं…

पोस्टमार्टम रिपोर्ट है…

चैट्स हैं…

आरोप और बयान भी हैं…

लेकिन अब भी सबसे बड़ा सवाल अधूरा है—

क्या ट्विशा ने खुद अपनी जिंदगी खत्म की?

क्या उसे इतना मानसिक दबाव दिया गया कि वह टूट गई?

या फिर इस कहानी का सच अभी सामने आना बाकी है?

स्रोत: Pehli Nazar News Network