Bihar Govt Samrat Cabinet Ministers Department List: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे अहम गृह विभाग अपने पास रखा है, जबकि पहली बार मंत्री बने निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का विभाग बदल दिया गया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सम्राट चौधरी ने अपने पास रखा गृह विभाग
नई सरकार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह विभाग अपने पास रखते हुए साफ संकेत दिया है कि कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर उनकी सीधी नजर रहेगी। इसके अलावा कई अहम विभागों का बंटवारा सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर किया गया है।
निशांत कुमार को मिला स्वास्थ्य मंत्रालय
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को पहली बार मंत्री बनाया गया है। मंत्री बनने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय मिलने के बाद राजनीतिक हलकों में इसे जदयू के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विजय सिन्हा का विभाग बदला
पिछली सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग संभाल रहे विजय कुमार सिन्हा को इस बार कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। विभाग बदलने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सौंपा गया है। वे इससे पहले भी यह विभाग संभाल चुके हैं।
दोनों डिप्टी सीएम के पास कौन-कौन से विभाग
सम्राट सरकार में जदयू कोटे से डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग दिया गया है। वहीं दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग संभालेंगे। हालांकि इस बार उनसे ऊर्जा विभाग वापस ले लिया गया है।
बुलो मंडल बने नए ऊर्जा मंत्री
पहली बार मंत्री बने बुलो मंडल को ऊर्जा विभाग की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। माना जा रहा है कि सरकार ने पिछड़े वर्ग और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
बिहार को मिला नया शिक्षा मंत्री
जदयू नेता सुनील कुमार से शिक्षा विभाग वापस लेकर भाजपा को दे दिया गया है। अब मिथिलेश तिवारी बिहार के नए शिक्षा मंत्री होंगे। शिक्षा विभाग भाजपा के खाते में जाने को सरकार की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है।
अशोक चौधरी का भी बदला विभाग
वरिष्ठ जदयू नेता अशोक चौधरी का विभाग भी बदल दिया गया है। पिछली सरकार में ग्रामीण कार्य विभाग संभाल रहे अशोक चौधरी को अब खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रेयसी सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा की युवा महिला नेता श्रेयसी सिंह को उद्योग विभाग सौंपा गया है। अब बिहार में निवेश लाने और औद्योगिक विकास को गति देने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। पार्टी ने उन्हें युवा चेहरे के तौर पर बड़ी भूमिका दी है।
अभी आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार
हालांकि मंत्रियों के विभागों की जो सूची सामने आई है, वह फिलहाल सूत्रों के हवाले से बताई जा रही है। सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम सूची में कुछ बदलाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।