बिहार

महज 50 हजार रुपये के लिए टूटी शबनम की शादी, सजा था घर-द्वार और तैयार था बकरे का मीट… लेकिन नहीं आई बारात

महज 50 हजार रुपये के लिए टूटी शबनम की शादी, सजा था घर-द्वार और तैयार था बकरे का मीट… लेकिन नहीं आई बारात

Bihar News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. बेतिया के योगापट्टी थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा बाजार गांव में एक बेटी की शादी की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं, जब दूल्हा पक्ष ने आखिरी समय पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग रख दी.

घर में शहनाई बजने वाली थी, रिश्तेदार पहुंच चुके थे और बेटी की विदाई के सपने सजाए जा रहे थे. मेहमानों के स्वागत के लिए खाना तैयार था, यहां तक कि बारातियों के लिए बकरे का मीट भी बनकर तैयार था. लेकिन रात होते-होते खुशियों का माहौल अचानक मायूसी में बदल गया, क्योंकि दूल्हा पक्ष बारात लेकर ही नहीं पहुंचा.

बताया जा रहा है कि शबनम की शादी 15 जून को तय हुई थी. दोनों परिवारों के बीच शादी की सारी बातें पहले ही तय हो चुकी थीं. तिलक के दौरान दूल्हा पक्ष को नकद रुपये, बाइक और अन्य सामान भी दिया गया था. परिवार को उम्मीद थी कि अब बेटी की जिंदगी नई शुरुआत करेगी.

लेकिन शादी वाले दिन अचानक दूल्हे के पिता की ओर से 50 हजार रुपये और देने की मांग कर दी गई. लड़की के परिवार वालों ने अपनी मजबूरी बताते हुए इतनी जल्दी इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई. आरोप है कि इसके बाद दूल्हा पक्ष ने नाराज होकर बारात लाने से ही इनकार कर दिया.

सबसे दर्दनाक बात यह रही कि लड़की के घर वाले देर रात तक बारात का इंतजार करते रहे. दरवाजे पर सजावट थी, रिश्तेदार बैठे थे और हर किसी की नजर सड़क की तरफ थी कि कब बारात आएगी. लेकिन घंटों इंतजार के बाद जब बारात नहीं पहुंची तो परिवार की खुशियां आंसुओं में बदल गईं.

परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च किया था. इसके बावजूद आखिरी समय में पैसे की मांग कर शादी रोक देना बेहद दुखद है. परिवार वालों ने आरोप लगाया कि दहेज की लालच में एक बेटी की जिंदगी से खिलवाड़ किया गया है.

मामले की जानकारी मिलते ही योगापट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. लड़की पक्ष ने दूल्हा और उसके परिवार वालों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

स्रोत: Pehli Nazar News Network