बिहार

Bihar News: दुल्हन बनकर बिहार में शराब तस्करी का खेल, दो नवविवाहित जोड़े 5 लाख की शराब के साथ गिरफ्तार; लग्जरी कार जब्त

Bihar News: दुल्हन बनकर बिहार में शराब तस्करी का खेल, दो नवविवाहित जोड़े 5 लाख की शराब के साथ गिरफ्तार; लग्जरी कार जब्त

Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर अवैध कारोबार के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. इस बार तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग को चकमा देने के लिए दुल्हन के भेष का सहारा लिया, लेकिन उनकी चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो नवविवाहित जोड़ों को शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया.

बताया जा रहा है कि दोनों जोड़े लग्जरी कार से हरियाणा से बिहार शराब की खेप लेकर पहुंचे थे. आरोपियों के पास से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया गया है.

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से कुछ लोग एक लग्जरी वाहन के जरिए शराब की खेप लेकर बिहार आने वाले हैं. खास बात यह थी कि इस बार तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए दो महिलाओं को दुल्हन के रूप में आगे रखा था, ताकि किसी को उन पर शक न हो.

सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मामले की निगरानी शुरू कर दी. इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और मुजफ्फरपुर-छपरा बॉर्डर इलाके में वाहनों की जांच तेज कर दी गई.

जैसे ही संदिग्ध लग्जरी कार रेवा पुल के पास पहुंची, पहले से मौजूद उत्पाद विभाग की टीम ने उसे घेरकर रोक लिया. कार की तलाशी लेने पर अंदर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. इसके बाद टीम ने मौके से शराब, कार और उसमें सवार सभी लोगों को कब्जे में ले लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले सोनू, अजीत, राखी और दीपक के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि आरोपी नई शादी का फायदा उठाकर पुलिस और जांच एजेंसियों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे थे.

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बरामद शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है. सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं.

अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर स्थानीय शराब कारोबारियों और इस अवैध धंधे से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है. जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी.

बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर शराब पहुंचाने की कोशिश करते रहे हैं. कभी गाड़ियों में छिपाकर तो कभी अलग-अलग बहानों से शराब की तस्करी की जाती है. हालांकि उत्पाद विभाग का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

स्रोत: Pehli Nazar News Network