Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से अंधविश्वास और पुरानी रंजिश से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी बजरंगबली नगर की रहने वाली एक महिला पर कथित रूप से डायन होने का आरोप लगाकर हमला कर दिया गया. बताया जा रहा है कि महिला गंगा स्नान करने गई थी, तभी पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
घटना के बाद मनियारचक गंगा घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
घायल महिला की पहचान नौवागढ़ी बजरंगबली नगर निवासी कलावती देवी के रूप में हुई है. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार को वह अपने परिवार के साथ मनियारचक गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं. इसी दौरान पड़ोस की एक महिला वहां पहुंची और पुराने विवाद को लेकर उनसे बहस करने लगी.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने कलावती देवी को गंगा में डुबोने की कोशिश की. जब उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की तो उन पर तलवार से हमला कर दिया गया.
तलवार से हमला होते ही घाट पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और महिला को हमलावरों से बचाया. गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया.
पीड़िता का आरोप है कि इस पूरे विवाद की वजह करीब एक साल पुरानी रंजिश है. बताया जा रहा है कि पड़ोसी परिवार के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई थी. इसके बाद से ही कुछ लोग कलावती देवी को इसके लिए जिम्मेदार मानने लगे थे और उन पर डायन होने का आरोप लगाते थे.
इसी विवाद ने सोमवार को बड़ा रूप ले लिया और महिला पर हमला कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.