Bihar News: बिहार में स्नातक पास छात्राओं के लिए सरकार ने बड़ी राहत और प्रोत्साहन देने वाला कदम उठाया है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत राज्य की डेढ़ लाख से अधिक छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसको लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, दिसंबर 2025 तक स्नातक परीक्षा पास करने वाली छात्राओं का पूरा डेटा संबंधित पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। विभाग ने 17 विश्वविद्यालयों को 15 मई तक यह प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि पात्र छात्राओं को जल्द राशि उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत चल रही “मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना” के तहत छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार का उद्देश्य बेटियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद करना है।
उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रकों को पत्र जारी कर स्पष्ट कहा है कि स्नातक पास छात्राओं का डेटा समय पर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही पहले छूट चुके परीक्षाफल और सरकार से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों की जानकारी भी पोर्टल पर जोड़ने को कहा गया है।
जिन विश्वविद्यालयों को यह निर्देश दिया गया है, उनमें बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय समेत राज्य के 17 विश्वविद्यालय शामिल हैं।
सरकार की इस योजना से बड़ी संख्या में छात्राओं को आर्थिक मदद मिलेगी। माना जा रहा है कि इससे उच्च शिक्षा में बेटियों की भागीदारी और बढ़ेगी तथा कई छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत मिलेगी।
अब छात्राओं और विश्वविद्यालयों की नजर इस बात पर है कि डेटा अपलोड की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है और राशि कब तक उनके खातों में पहुंचती है।