शिक्षा

BPSC 70वीं का इंतजार खत्म! इस महिने आएगा फाइनल रिजल्ट, 2035 पदों पर होगी बहाली

BPSC 70वीं का इंतजार खत्म! इस महिने आएगा फाइनल रिजल्ट, 2035 पदों पर होगी बहाली

BPSC 70th Result 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है. आयोग ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बड़ा अपडेट जारी करते हुए बताया है कि 2035 पदों पर नियुक्ति के लिए इंटरव्यू और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. जिसे जून के तीसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा.

बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा राज्य की सबसे चर्चित और बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक रही है. इस परीक्षा के माध्यम से बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में 2035 रिक्त पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी. आयोग के अनुसार इस बार रिकॉर्ड 5400 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और मेडिकल परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया है.

इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत प्रारंभिक परीक्षा से हुई थी. 70वीं पीटी परीक्षा का आयोजन 13 दिसंबर 2024 और 4 जनवरी 2025 को किया गया था. परीक्षा में सफल होने वाले करीब 21 हजार अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला.

मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक पटना के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इसके बाद मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया. जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच हजारों अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया. अब सभी चरण पूरे होने के बाद आयोग अंतिम मेरिट सूची तैयार करने में जुटा हुआ है.

बीपीएससी अधिकारियों के मुताबिक रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जून के तीसरे सप्ताह में फाइनल परिणाम घोषित कर दिया जाएगा. परिणाम जारी होते ही यह तय हो जाएगा कि बिहार प्रशासनिक सेवा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कौन-कौन अभ्यर्थी चयनित हुए हैं.

इधर बीपीएससी की अगली भर्ती परीक्षा को लेकर भी युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. आयोग की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के लिए रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं. बीपीएससी के अनुसार इस परीक्षा के लिए कुल 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.

यह आंकड़ा पिछली 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा से 44 हजार अधिक है. पिछले वर्ष 4 लाख 71 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि इस बार आवेदन संख्या नया रिकॉर्ड बना रही है. आवेदन की अंतिम तिथि के दौरान तो स्थिति यह रही कि हर घंटे करीब 4 हजार आवेदन आयोग को प्राप्त हुए.

बीपीएससी ने बताया कि केवल 30 मई को 90 हजार 180 और 31 मई को 91 हजार 630 अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किए. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवाओं के बीच सरकारी नौकरी को लेकर कितना उत्साह है.

आयोग के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 1189 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के परिणाम को लेकर है. हजारों अभ्यर्थी कई महीनों से अपने अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं. अब जून के तीसरे सप्ताह में रिजल्ट जारी होने के साथ ही यह इंतजार खत्म हो जाएगा और बिहार को नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे.

स्रोत: Pehli Nazar News Network