Bihar Vidyadhan Scholarship 2026: अगर आपने बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं.तो यह खबर आपके लिए किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है.अब आर्थिक तंगी आपकी पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनेगी.बिहार के मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए 20 हजार रुपये से लेकर 75 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी.यह लाभ बिहार इंटर छात्रवृत्ति विद्याधन योजना के तहत दिया जा रहा है.
राज्य में ऐसे हजारों छात्र हैं जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक कमजोरियों के कारण इंटर, ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग, मेडिकल या अन्य प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते.कई बार परिवार की खराब आर्थिक स्थिति छात्रों को अपने सपनों से समझौता करने पर मजबूर कर देती है.इसी समस्या को दूर करने के लिए सरकार और सरोजनी दामोदरन फाउंडेशन ने मिलकर यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है.
योजना का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि उन छात्रों को आगे बढ़ने का मौका देना है जिनके पास प्रतिभा तो है लेकिन संसाधनों की कमी है.सरकार चाहती है कि कोई भी मेधावी छात्र सिर्फ पैसों की वजह से अपनी पढ़ाई न छोड़े और अपने करियर के सपनों को पूरा कर सके.
इस योजना के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने बिहार बोर्ड से 10वीं पास की हो.सामान्य छात्रों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक जरूरी हैं.वहीं दिव्यांग छात्रों को विशेष छूट देते हुए 65 प्रतिशत अंक की पात्रता तय की गई है.इसके साथ ही परिवार की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम होनी चाहिए.
योजना के तहत चयनित छात्रों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के दौरान लगातार दो वर्षों तक हर साल 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी.यानी इंटर की पढ़ाई पूरी करने तक कुल 20 हजार रुपये की सहायता मिलेगी.इसके बाद यदि छात्र इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, पैरामेडिकल, बीएससी, बीकॉम, बीए या अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में दाखिला लेते हैं तो उन्हें 25 हजार रुपये से लेकर 75 हजार रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी.
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों, पिछड़े इलाकों और गरीब परिवारों के हजारों छात्रों को बड़ा लाभ मिलेगा.कई ऐसे छात्र जो आर्थिक अभाव में पढ़ाई छोड़ने की सोच रहे हैं, उन्हें अब नई उम्मीद मिलेगी.योजना का लाभ लेकर वे बेहतर शिक्षा हासिल कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकेंगे.
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निशुल्क रखी गई है.छात्रों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा.चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन टेस्ट और इंटरव्यू शामिल होगा.योग्य और सफल छात्रों को छात्रवृत्ति की राशि सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी.
आवेदन करते समय 10वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की आवश्यकता होगी.इसलिए आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है.
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आवेदन की अंतिम तिथि 7 जुलाई निर्धारित की गई है.ऐसे में पात्र छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.