Bihar Teacher News: बिहार में हो रहे 2027 की जनगणना की तैयारियों के बीच शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। अब सरकारी स्कूलों के शिक्षक स्कूल समय के दौरान जनगणना का काम नहीं करेंगे। शिक्षा विभाग ने साफ निर्देश दिया है कि पढ़ाई प्रभावित किए बिना ही शिक्षकों से जनगणना का फील्ड वर्क कराया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव B. Rajender की ओर से सभी जिलाधिकारियों को इस फैंसले के संबंध में विस्तृत निर्देश भेजे गए हैं। आदेश के मुताबिक जनगणना कार्य में प्रगणक (Enumerator) और पर्यवेक्षक (Supervisor) बनाए गए शिक्षक स्कूल की पढ़ाई खत्म होने के बाद या स्कूल शुरू होने से पहले ही फील्ड वर्क करेंगे। ताकि बच्चों की पढ़ाई पर को असर न पडें।
विभाग का कहना है कि इस फैसले का मुख्य उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई को प्रभावित होने से बचाना है। सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि शिक्षकों को स्कूल समय के दौरान केवल शैक्षणिक कार्य ही करना होगा और जनगणना से जुड़ी गतिविधियां अतिरिक्त समय में पूरी करनी होंगी, और वो शिक्षकों की जिम्मेदारी होगी।
इसके साथ ही विभाग ने शिक्षकों को 31 मई तक चलने वाले अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम से अस्थायी राहत भी दी है, ताकि वे अपने नियमित शिक्षण कार्य को बिना बाधा पूरा कर सकें। विभाग के अनुसार यह व्यवस्था केंद्र सरकार और केंद्रीय कैबिनेट के निर्देशों के अनुरूप लागू की जा रही है। केंद्र सरकार ने भी साफ किया है कि जनगणना में लगे कर्मचारियों को नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त समय में ही फील्ड वर्क करना अनिवार्य होगा।
हालांकि इस फैसले के आने के बाद कई शिक्षकों के बीच नाराजगी भी देखी जा रहा है। अलग-अलग जिलों में उपस्थिति दर्ज करने और जनगणना कार्य से जुड़े नियमों को लेकर अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। शिक्षकों की मांग है कि शिक्षा विभाग पूरे राज्य के लिए एक समान और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि किसी तरह की परेशानी शिक्षकों को न हो।
शिक्षकों ने यह भी कहा है कि अतिरिक्त कार्यभार और प्रशिक्षण को लेकर समय का बेहतर समन्वय जरूरी है, ताकि वे बिना तनाव के दोनों जिम्मेदारियां निभा सकें।
बिहार में इन दिनों गर्मी ज्यादा है इसको ध्यान में रखते हुए सरकारी स्कूल सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित हो रहे हैं। ऐसे में दिन के समय जनगणना कार्य करना शिक्षकों के लिए व्यावहारिक रूप से मुश्किल माना जा रहा है। इसी वजह से विभाग ने स्कूल की छुट्टी के बाद फील्ड वर्क कराने का फैसला लिया है।
विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से एक तरफ जनगणना का काम भी समय पर पूरा होगा और दूसरी ओर स्कूलों में पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।