Cockroach Janata Party Viral Story: इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नाम काफी तेजी से वायरल हो रहा है... कॉकरोच जनता पार्टी। इंस्टाग्राम से लेकर एक्स और यूट्यूब तक हर जगह इस नाम की चर्चा हो रही है। कई लोग इसे मजाक मान रहे हैं तो कई इसे युवाओं के गुस्से की नई आवाज बता रहे हैं। इस पूरे कैंपेन की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान के बाद हुई, जिसमें युवाओं और सोशल मीडिया पर लगातार सिस्टम की आलोचना करने वालों को लेकर टिप्पणी की गई थी। उसी बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने व्यंग्य के तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP नाम का अभियान शुरू कर दिया।
देखते ही देखते यह कैंपेन इतना बड़ा हो गया कि इसके सोशल मीडिया अकाउंट पर लाखों फॉलोअर्स जुड़ गए। बताया जा रहा है कि लाखों लोगों ने इसकी वेबसाइट पर जाकर खुद को सदस्य के रूप में रजिस्टर भी किया है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि आखिर यह अभियान शुरू किसने किया और लोग इससे इतनी तेजी से क्यों जुड़ रहे हैं।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
इस पूरे अभियान के पीछे जिस युवक का नाम सामने आया है, वह हैं अभिजीत दीपके। अभिजीत मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी देखी तो उन्हें लगा कि यह बात सीधे युवाओं की भावनाओं से जुड़ी हुई है। उनका कहना है कि देश का युवा पहले से ही बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और भविष्य की चिंता से परेशान है। ऐसे समय में युवाओं को लेकर इस तरह की बातें लोगों को चुभ गईं।
कैसे हुई कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत?
अभिजीत के मुताबिक उन्होंने पहले सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में पोस्ट किया कि अगर युवाओं को कॉकरोच कहा जा रहा है तो फिर क्यों न सब मिलकर कॉकरोच जनता पार्टी बना लें। शुरुआत में यह सिर्फ एक व्यंग्य था, लेकिन कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने इसे शेयर करना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने पार्टी के नाम से वेबसाइट बनाई और सोशल मीडिया पेज शुरू कर दिए।
धीरे-धीरे यह सिर्फ मजाक नहीं रहा बल्कि युवाओं के गुस्से और नाराजगी का एक बड़ा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बन गया। बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ने लगे। खास बात यह रही कि इस अभियान में शामिल होने के लिए जो बातें लिखी गईं, वह भी पूरी तरह व्यंग्यात्मक थीं। जैसे बेरोजगार होना, हमेशा ऑनलाइन रहना या सिस्टम से नाराज होना। लोगों ने इसे काफी तेजी से अपनाया।
क्यों तेजी से वायरल हो गया यह अभियान?
अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्हें खुद भी उम्मीद नहीं थी कि यह अभियान इतना बड़ा रूप ले लेगा। उनका कहना है कि अगर यह सिर्फ सोशल मीडिया मार्केटिंग होती तो शायद इतना असर नहीं दिखता। लेकिन लोगों के अंदर पहले से जो नाराजगी थी, उसने इस अभियान को वायरल बना दिया। यही वजह है कि लाखों लोग इससे जुड़ गए।
इस अभियान को कई चर्चित लोगों का भी समर्थन मिला। सोशल मीडिया पर कई नेताओं और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने इसे युवाओं की आवाज बताया तो कुछ ने इसे लोकतंत्र में व्यंग्य और अभिव्यक्ति की आजादी का हिस्सा कहा।
अभिजीत का राजनीतिक और शैक्षणिक सफर
अभिजीत दीपके की पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने पुणे में पढ़ाई की और बाद में कुछ समय तक आम आदमी पार्टी की कम्युनिकेशन टीम के साथ भी काम किया। उनका कहना है कि उन्हें राजनीति में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर काम करने का तरीका पसंद आया था। बाद में वह आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए और बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की।
हालांकि अब उनका नाम कॉकरोच जनता पार्टी के कारण देशभर में चर्चा में है। अभिजीत का कहना है कि उनका मकसद किसी तरह की हिंसा या नफरत फैलाना नहीं है। वह सिर्फ युवाओं की परेशानियों को व्यंग्य और सोशल मीडिया के जरिए सामने लाना चाहते हैं। उनका कहना है कि आज का युवा रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की बात करना चाहता है, लेकिन अक्सर उसकी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
घोषणापत्र में क्या-क्या बातें कही गई हैं?
कॉकरोच जनता पार्टी का घोषणापत्र भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें न्यायपालिका, राजनीति, महिलाओं की भागीदारी और युवाओं की समस्याओं जैसे मुद्दों का जिक्र किया गया है। अभिजीत का कहना है कि यह सब व्यंग्य के जरिए लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश है ताकि देश में जरूरी मुद्दों पर बात हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत का जेन जी यानी नई पीढ़ी पहले से ज्यादा जागरूक है। यह पीढ़ी सिर्फ धर्म और जाति की राजनीति नहीं बल्कि रोजगार, तकनीक और बेहतर अवसरों की बात करना चाहती है। उनका मानना है कि आने वाले समय में देश की राजनीति में युवाओं की भूमिका और मजबूत होगी।
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही इतनी चर्चा?
सोशल मीडिया पर इस अभियान की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता ने कई लोगों को चौंका दिया है। लोग कॉकरोच के मास्क पहनकर वीडियो बना रहे हैं, मीम्स शेयर कर रहे हैं और सिस्टम पर व्यंग्य कर रहे हैं। कई युवाओं का कहना है कि यह उनके गुस्से और निराशा को दिखाने का नया तरीका है।
हालांकि कुछ लोग इस पूरे अभियान को सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड मान रहे हैं, लेकिन अभिजीत दीपके का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। उनका मानना है कि आने वाले समय में युवा खुद अपने मुद्दों को लेकर और खुलकर सामने आएंगे। उन्होंने साफ कहा कि वह भारत वापस लौटेंगे और इस अभियान को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
क्या आगे चलकर बनेगी असली राजनीतिक पार्टी?
फिलहाल कॉकरोच जनता पार्टी कोई असली राजनीतिक पार्टी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसने जिस तरह लोगों का ध्यान खींचा है, उसने यह जरूर दिखा दिया है कि देश का युवा अब अपनी बात नए अंदाज में रखना जानता है। यही वजह है कि यह नाम आज इंटरनेट की दुनिया में सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है।