CUET UG 2026 Exam: देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है, जो CUET UG 2026 Exam देने जा रहे है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित होने वाली CUET UG 2026 परीक्षा आज यानी 11 मई से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 31 मई 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर CBT मोड में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा शुरू होने से पहले NTA ने उम्मीदवारों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एजेंसी ने साफ कहा है कि परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले सभी छात्र ड्रेस कोड, जरूरी दस्तावेज और प्रतिबंधित सामान से जुड़ी गाइडलाइंस जरूर पढ़ लें। छोटी सी लापरवाही भी परीक्षा में परेशानी का कारण बन सकती है।
परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। सुरक्षा जांच में समय लग सकता है, खासकर उन छात्रों को जिन्होंने धार्मिक या पारंपरिक वस्त्र पहने हों।
एजेंसी के मुताबिक गेट बंद होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जाने की अनुमति है?
CUET UG परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार केवल जरूरी और अनुमति प्राप्त सामान ही साथ लेकर जा सकते हैं।
- एडमिट कार्ड और सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म
- मूल वैध फोटो पहचान पत्र
- 2 पासपोर्ट साइज फोटो
- पारदर्शी पानी की बोतल
- पारदर्शी बॉल प्वाइंट पेन
- डायबिटिक उम्मीदवारों के लिए जरूरी खाद्य सामग्री
- PwD/PwBD सर्टिफिकेट (यदि लागू हो)
इन चीजों को ले जाने पर है पूरी तरह रोक
NTA ने परीक्षा केंद्र में कई वस्तुओं को प्रतिबंधित किया है। अगर किसी उम्मीदवार के पास ये सामान मिला तो उसे परीक्षा से बाहर भी किया जा सकता है।
- मोबाइल फोन
- स्मार्ट वॉच और ब्लूटूथ डिवाइस
- कैलकुलेटर
- नोट्स, किताबें या लिखित सामग्री
- भारी ज्वेलरी
- बैग, पर्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
ड्रेस कोड को लेकर भी जारी हुई सलाह
NTA के अनुसार उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना चाहिए। बड़े बटन, ज्यादा पॉकेट वाले कपड़े और भारी एक्सेसरीज पहनने से बचने की सलाह दी गई है।
सामान्य चप्पल, सैंडल और लो हील फुटवियर की अनुमति दी गई है। वहीं धार्मिक धागे और कलावा जैसी चीजों को भी अनुमति प्राप्त वस्तुओं में शामिल किया गया है।
31 मई तक चलेगी परीक्षा
CUET UG 2026 परीक्षा इस बार देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है। लाखों छात्र इसमें हिस्सा ले रहे हैं। परीक्षा 31 मई तक अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन किसी भी अफवाह से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।