बिहार

Bihar Crime News: तुम्हारा रोज रोज का यही... अच्छा खाना नहीं बनने पर शराबी पति बना हैवान, बेलन से पीट-पीटकर पत्नी की बेरहमी से कर दी हत्या

Bihar Crime News: तुम्हारा रोज रोज का यही... अच्छा खाना नहीं बनने पर शराबी पति बना हैवान, बेलन से पीट-पीटकर पत्नी की बेरहमी से कर दी हत्या

Bihar Crime News: गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सेक्टर-93 इलाके में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि खाना अच्छा नहीं बनने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर हमला कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

मृतका की पहचान 36 वर्षीय मीना देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति की पहचान साहिब साहनी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि दोनों मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर-मीनापुर गांव के रहने वाले थे और रोजगार की तलाश में गुरुग्राम आए थे.

जानकारी के मुताबिक साहिब साहनी गुरुग्राम के सेक्टर-93 में एक निर्माणाधीन साइट के पास झुग्गी बनाकर अपने परिवार के साथ रहता था. वह मजदूरी का काम करता था. परिवार में पति-पत्नी के अलावा उनके छह बच्चे भी रहते थे.

बताया जा रहा है कि रविवार रात साहिब साहनी शराब के नशे में घर पहुंचा. इसके बाद वह खाना खाने बैठा. खाना पसंद नहीं आने पर उसने पत्नी मीना देवी से बहस शुरू कर दी. धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने अपना आपा खो दिया.

आरोप है कि पति ने घर में रखे सामान से पत्नी की पिटाई शुरू कर दी. मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आसपास के लोगों के मुताबिक घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई.

घटना की जानकारी सोमवार सुबह आसपास के लोगों को मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लिया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को शराब पीने की आदत थी और अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था. हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मीना देवी के छह बच्चे अब मां के बिना हो गए हैं. बच्चों में तीन बेटियां और तीन बेटे हैं. सबसे बड़ा बेटा करीब 15 साल का बताया जा रहा है, जबकि सबसे छोटा बच्चा अभी महज तीन साल का है.

मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. मासूम बच्चों को अभी तक यह एहसास नहीं हो पाया है कि उनकी मां अब कभी वापस नहीं आएगी.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

स्रोत: Pehli Nazar News Network