बिहार

Khan Sir FIR: खान सर पर कसा पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी के लिए बनी नई टीम, देर रात तक हो सकती है बड़ी कार्रवाई

Khan Sir FIR: खान सर पर कसा पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी के लिए बनी नई टीम, देर रात तक हो सकती है बड़ी कार्रवाई

Khan Sir FIR: पटना में चर्चित कोचिंग संचालक खान सर उर्फ फैसल खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद अब पुलिस ने गिरफ्तारी की तैयारी तेज कर दी है. सूत्रों के मुताबिक खान सर की गिरफ्तारी के लिए एक नई टीम का गठन किया गया है और इस पूरी कार्रवाई की जिम्मेदारी डीआईयू को सौंपी गई है. माना जा रहा है कि किसी भी समय पुलिस बड़ी कार्रवाई कर सकती है.

जानकारी के अनुसार कदमकुआं थाना में खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने यह कार्रवाई उनके बॉडीगार्ड्स के बयान के आधार पर की है. एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 भी जोड़ी गई है, जिसमें दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है.

पुलिस सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बॉडीगार्ड्स ने कुछ ऐसे बयान दिए हैं, जिनके आधार पर खान सर को भी मामले में नामजद आरोपी बनाया गया है. इसी के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी गतिविधियां बढ़ गई हैं. कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए आईजी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई है. पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी के बहकावे में आकर कानून हाथ में लेने की कोशिश न करें.

इधर एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर के वकील भी उनके संस्थान पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. दूसरी तरफ पुलिस लगातार कानूनी पहलुओं की समीक्षा कर रही है.

खान सर ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें एफआईआर की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि घटना के दौरान उनके सुरक्षा कर्मियों ने केवल आत्मरक्षा में फायरिंग की थी. उनका दावा है कि उस रात कोचिंग संस्थान पर हमला हुआ था और वहां मौजूद छात्रों व कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए गार्ड्स ने यह कदम उठाया.

गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हंगामा और फायरिंग की घटना हुई थी. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया. पुलिस ने पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और उनसे पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां जुटाई हैं.

अब नई एफआईआर में खान सर का नाम जुड़ने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस की विशेष टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है. ऐसे में आने वाले घंटों में इस मामले में कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है.

स्रोत: Pehli Nazar News Network