बिहार

इश्क का ‘ट्रिपल गेम’! पहले पत्नी, फिर फेसबुक वाली प्रेमिका और आखिर में उसी की बहन से शादी, दिलफेंक जीजा की कहानी सुनकर पुलिस भी रह गई हैरान.

इश्क का ‘ट्रिपल गेम’! पहले पत्नी, फिर फेसबुक वाली प्रेमिका और आखिर में उसी की बहन से शादी, दिलफेंक जीजा की कहानी सुनकर पुलिस भी रह गई हैरान.

Bihar News: सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. एक युवक पर एक नहीं, दो नहीं बल्कि तीन-तीन शादियां करने का आरोप लगा है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि तीनों महिलाएं खुद को उसकी पत्नी बता रही हैं और अपने-अपने अधिकारों के लिए न्याय की मांग कर रही हैं. मामला सामने आने के बाद गांव से लेकर थाने तक इसकी चर्चा हो रही है.

जानकारी के अनुसार मशरक थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी करण बांसफोड़ पर अलग-अलग समय में तीन महिलाओं से शादी करने का आरोप है. इस पूरे मामले ने कई परिवारों की जिंदगी को उलझाकर रख दिया है. अब विवाद केवल पति-पत्नी के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के भविष्य, भरण-पोषण और कानूनी अधिकारों का सवाल भी इससे जुड़ गया है.

बताया जाता है कि करण बांसफोड़ की पहली शादी वर्ष 2021 में मशरक थाना के पीछे रहने वाली रानी देवी से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी. शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे और उनके तीन बेटे भी हुए. परिजनों का आरोप है कि तीन बच्चों का पिता बनने के बावजूद करण का मन नहीं भरा और उसने दूसरी महिलाओं से संबंध बनाना शुरू कर दिया.

इसके बाद कहानी में दूसरी महिला की एंट्री हुई. सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव की रहने वाली रेखा देवी, जो पहले से विधवा थीं, उनकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए करण से हुई. बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया. आरोप है कि अप्रैल 2025 में दोनों ने गोरखपुर के एक मंदिर में शादी कर ली. बताया जा रहा है कि इस रिश्ते से एक बेटे का जन्म भी हुआ है.

लेकिन कहानी का सबसे चौंकाने वाला मोड़ अभी बाकी था. आरोप है कि दूसरी पत्नी रेखा देवी से शादी करने के बाद करण बांसफोड़ ने उसकी सगी बहन सीता कुमारी से भी प्रेम संबंध बना लिया. परिजनों के अनुसार मार्च 2026 में दोनों ने छपरा के एक मंदिर में शादी कर ली. जैसे ही यह जानकारी सामने आई, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. लोग यह जानकर हैरान रह गए कि युवक ने दूसरी पत्नी की बहन को ही अपनी तीसरी पत्नी बना लिया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी और फिर दूसरी पत्नी की सगी बहन से तीसरी शादी का आरोप पूरे मामले को बेहद उलझा हुआ बना देता है. गांव में यह मामला चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.

विवाद बढ़ने के बाद अब तीनों महिलाएं अपने-अपने अधिकारों की मांग कर रही हैं. पहली पत्नी रानी देवी का कहना है कि वह वर्षों से पत्नी के रूप में रह रही हैं और उनके तीन बच्चे हैं. वहीं दूसरी पत्नी रेखा देवी का दावा है कि उन्होंने प्रेम संबंध के बाद विधिवत शादी की थी और उनका भी एक बेटा है. दूसरी ओर तीसरी पत्नी सीता कुमारी भी अपने वैवाहिक संबंध को स्वीकार करते हुए न्याय की मांग कर रही हैं.

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब पहली पत्नी की मां रामावती देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने एक के बाद एक कई शादियां कर महिलाओं के साथ अन्याय किया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवक और तीसरी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

फिलहाल इस अनोखे प्रेम, शादी और रिश्तों के जाल ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस ‘ट्रिपल लव स्टोरी’ का सच क्या है और कानूनी रूप से किसे मिलेगा पत्नी का अधिकार.

स्रोत: Pehli Nazar News Network