शिक्षा

NEET-UG 2026 पेपर लीक पर पटना में उबाल… छात्रों ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

NEET-UG 2026 पेपर लीक पर पटना में उबाल… छात्रों ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

NEET-UG 2026 UPDATE: पटना में नीट पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को छात्रों का गुस्सा खुलकर सड़क पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र राजधानी की सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। एसएसआई टीम के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बिहार सरकार, केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी की और कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य अंधेरे में जा रहा है।

प्रदर्शन में शामिल छात्र काफी नाराज नजर आए। उनका कहना था कि लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन हर बार पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। छात्रों ने कहा कि अब हालत ऐसी हो गई है कि किसी भी परीक्षा पर भरोसा करना मुश्किल लगने लगा है।

एक छात्र ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के बच्चे सालों मेहनत करते हैं। माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसे जोड़ते हैं, कोचिंग करवाते हैं और उम्मीद करते हैं कि उनका बेटा या बेटी मेहनत के दम पर आगे बढ़ेगा। लेकिन जब परीक्षा से पहले पेपर लीक हो जाता है, तो सबसे ज्यादा नुकसान उन्हीं छात्रों को होता है जो ईमानदारी से तैयारी करते हैं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्रों का कहना था कि सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर कुछ नजर नहीं आता। कई छात्रों ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होना यह दिखाता है कि परीक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं बड़ी लापरवाही हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा मंत्री पर भी सवाल उठाए। छात्रों का कहना था कि जब विभाग संभालने वाले लोग ही गंभीर नहीं होंगे, तो छात्रों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा। कुछ छात्रों ने कहा कि सरकार को सिर्फ बयान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सख्त कदम उठाने होंगे ताकि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

इस दौरान छात्रों ने बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि बिहार में जब भी छात्र अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं, तो उन्हें दबाने की कोशिश की जाती है। छात्रों ने आरोप लगाया कि बीपीएससी परीक्षा के समय भी अभ्यर्थियों के साथ सख्ती की गई थी और अब नीट पेपर लीक मामले में भी छात्र खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

प्रदर्शन में शामिल कई छात्र हाथों में पोस्टर और बैनर लिए हुए थे। कुछ पोस्टरों पर लिखा था — मेहनत हमारी, फायदा माफिया का नहीं चलेगा” तो कुछ पर लिखा था — पेपर लीक बंद करो, छात्रों का भविष्य बचाओ।” छात्रों का कहना था कि अब युवाओं का धैर्य जवाब देने लगा है और अगर समय रहते सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा हो सकता है।

छात्रों ने कहा कि हर साल किसी न किसी परीक्षा को लेकर विवाद सामने आ जाता है। कभी पेपर लीक, कभी परीक्षा रद्द और कभी रिजल्ट में गड़बड़ी। ऐसे माहौल में छात्रों के अंदर डर और तनाव लगातार बढ़ रहा है। कई छात्रों ने कहा कि वे पढ़ाई से ज्यादा अब परीक्षा व्यवस्था को लेकर परेशान रहने लगे हैं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि सरकार को सिर्फ जांच की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि पेपर लीक कराने वाले लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे आगे कोई इस तरह की हिम्मत न कर सके। छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और इसमें शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

स्रोत: Pehli Nazar News Network