बिहार

TRE-4 विज्ञापन की मांग पर पटना में बवाल, अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज; छात्राओं समेत कई घायल

TRE-4 विज्ञापन की मांग पर पटना में बवाल, अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज; छात्राओं समेत कई घायल

TRE-4: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को राजधानी पटना में जमकर हंगामा हुआ। सैकड़ों की संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने जब शिक्षा मंत्री आवास की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जबकि कई अभ्यर्थियों को हिरासत में भी लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला था। यह मार्च गांधी चौक, मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी, नया टोला और बाकरगंज होते हुए जेपी गोलंबर पहुंचा। यहां पहले से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के आवास तक पहुंचने की जिद पर अड़ गए। इसी दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई छात्र-छात्राएं सड़क पर गिर पड़े और इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

लाठीचार्ज में घायल कई छात्रों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ छात्रों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। बावजूद इसके बड़ी संख्या में अभ्यर्थी देर तक जेपी गोलंबर के पास डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

Read More: बंगाल में कौन संभालेगा सत्ता की कमान? आज शाम अमित शाह करेंगे बड़े चेहरे का ऐलान, शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लगातार शिक्षक भर्ती को लेकर सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया। छात्रों ने मांग की कि जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए और पूर्व की परीक्षाओं की तरह पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित हो।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांधी मैदान और जेपी गोलंबर इलाके में कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहा है। वहीं इस घटना के बाद राजधानी में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।

स्रोत: Pehli Nazar News Network