बिहार

एक दिन पहले सरकार का विस्तार, दूसरे दिन छात्रों पर लाठीचार्ज; TRE-4 भर्ती की मांग पर पटना में पुलिस ने भांजी लाठियां

एक दिन पहले सरकार का विस्तार, दूसरे दिन छात्रों पर लाठीचार्ज; TRE-4 भर्ती की मांग पर पटना में पुलिस ने भांजी लाठियां

Bihar TRE-4 Protest: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट विस्तार के ठीक अगले दिन राजधानी पटना की सड़कों पर बेरोजगार युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का विज्ञापन जारी करने और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर हजारों अभ्यर्थी प्रदर्शन करने उतर आए। हालात तब बिगड़ गए जब जेपी गोलंबर के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जबकि कई को हिरासत में भी लिया गया।

बताया जा रहा है कि छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में सुबह करीब 11 बजे पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला गया था। प्रदर्शनकारी गांधी चौक, मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी और बाकरगंज होते हुए शिक्षा मंत्री आवास की ओर बढ़ना चाहते थे। लेकिन जेपी गोलंबर के पास भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया।

पुलिस कार्रवाई से भड़के अभ्यर्थी

लाठीचार्ज के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई छात्र सड़क पर गिर पड़े और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने छात्राओं तक को नहीं बख्शा और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घायल अभ्यर्थियों को अस्पताल पहुंचाने में भी काफी परेशानी हुई। कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि मौके पर समय पर एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं थी।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने अप्रैल में ही TRE-4 भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का संकेत दिया था, लेकिन अब तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इसी देरी को लेकर युवाओं में भारी नाराजगी है।

दो चरणों में परीक्षा कराने की चर्चा से बढ़ा गुस्सा

अभ्यर्थियों के बीच इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि इस बार TRE-4 परीक्षा दो चरणों—प्रीलिम्स और मेन्स—में कराए जाने की चर्चा चल रही है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि पहले की तरह एक ही परीक्षा के आधार पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए। उनका आरोप है कि नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया और लंबी हो जाएगी।

46 हजार से ज्यादा पदों पर होनी है भर्ती

TRE-4 भर्ती परीक्षा के जरिए बिहार सरकार के चार विभागों में कुल 46,882 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इनमें सबसे ज्यादा पद शिक्षा विभाग में हैं। जानकारी के मुताबिक प्राथमिक विद्यालयों में 10,778, मध्य विद्यालयों में 8,583, माध्यमिक विद्यालयों में 9,082 और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 16,774 पदों पर भर्ती की जानी है। इसके अलावा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में भी शिक्षकों की नियुक्ति होनी है।

छात्र नेता की हिरासत पर भी बवाल

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का आरोप है कि मार्च शुरू होने से पहले ही छात्र नेता दिलीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसी वजह से छात्रों में और ज्यादा आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने साफ कह दिया कि जब तक दिलीप कुमार को नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक आंदोलन

स्रोत: Pehli Nazar News Network