Bihar News: बिहार के सुपौल जिले से बिजली चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सदर प्रखंड के अमहा पंचायत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन को निशाना बना लिया. बदमाशों ने करीब 50 पोल के तार काटकर चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए.
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बिजली लाइन ठप होने से सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है. धान रोपनी का समय नजदीक होने के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई है.
बताया जा रहा है कि अमहा पंचायत के तिलाबे नदी के पास बहियार क्षेत्र में किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए यह हाईटेंशन लाइन लगाई गई थी. चोरों ने कई किलोमीटर तक फैले तार को काट दिया, जिससे अब कई जगहों पर सिर्फ बिजली के पोल खड़े दिखाई दे रहे हैं.
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले आई तेज आंधी और तूफान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ रात में वारदात को अंजाम दिया.
किसानों का कहना है कि यह लाइन उनके लिए बेहद जरूरी थी. इसके बंद होने से खेतों में पानी पहुंचाना मुश्किल हो गया है. अगर जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो धान की रोपनी में देरी हो सकती है और इसका सीधा असर फसल पर पड़ेगा.
किसान लोकेश कुमार ने बताया कि बिचड़ा तैयार है और रोपनी का समय आ गया है, लेकिन सिंचाई की समस्या खड़ी हो गई है. डीजल पंप से पानी देने पर लागत बढ़ जाएगी, जिससे छोटे किसानों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा.
वहीं किसान पांडव यादव ने कहा कि बिजली लाइन जल्द ठीक नहीं हुई तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है. उन्होंने विभाग से जल्द मरम्मत कराकर सिंचाई व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है.
मामले की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग ने जांच शुरू कर दी है. कनीय अभियंता अजय कुमार ने बताया कि चोरी की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और सामान उपलब्ध होते ही मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा.